
गोगुंदा। थाना पुलिस और बाल कल्याण अधिकारी की त्वरित कार्रवाई से कस्बे के महाराणा प्रताप सर्कल (बायपास) पर लावारिस हालत में मिले एक मंदबुद्धि बालक को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया।
थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि महाराणा प्रताप सर्कल पर एक बालक अकेला बैठा हुआ रो रहा है और अपने परिजनों की तलाश में है। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए बाल कल्याण अधिकारी एएसआई विनेश कुमार, कांस्टेबल प्रदीप कुमार और राजेंद्र कुमार तुरंत मौके पर पहुंचे और बालक को दस्तयाब किया गया। पुलिस टीम ने बालक को उप जिला चिकित्सालय ले जाकर उसका स्वास्थ्य परीक्षण करवाया। उसने अपना नाम रेशमाराम (15) पुत्र खीमाराम, निवासी थल अम्बावा का रहने वाला बताया था। बाल कल्याण अधिकारी विनेश कुमार ने जब ग्राम पंचायत पड़ावली के सरपंच साजुराम से संपर्क किया, तो बालक की हृदयविदारक स्थिति सामने आई। बता दे कि बालक के पिता और दादा-दादी की कुछ समय पूर्व मृत्यु हो चुकी थी और बालक की माता किसी अन्य स्थान पर नाते चली गई है। वर्तमान में घर पर उसकी देखभाल करने वाला कोई भी नहीं है। बालक की बेसहारा स्थिति और मानसिक स्वास्थ्य को देखते हुए बाल कल्याण अधिकारी ने नियमानुसार उसे उदयपुर बाल कल्याण समिति में पेश किया गया हैं।





