
उदयपुर। आबकारी आयुक्त शिव प्रसाद नकाते के आदेशानुसार प्रदेश भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, उदयपुर आबकारी विभाग ने नए साल की पूर्व संध्या पर बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। गोगुंदा आबकारी इंस्पेक्टर शंभू सिंह राठौड़ के नेतृत्व में स्पेशल विजिलेंस टीम ने ओल्ड सिटी एरिया में दबिश देकर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। आबकारी टीम को सूचना मिली थी कि पिछोला झील किनारे गणगौर घाट पर स्थित शालोम बैकपेकर्स कैफे के रूफटॉप पर बिना लाइसेंस के शराब पार्टी आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। सूचना पर त्वरित एक्शन लेते हुए टीम ने कैफे के रूफटॉप कमरे में दबिश दी, जहाँ से 09 कार्टन बीयर और शराब बरामद की गई। मौके से पुलिस ने पैसिया, उत्तर प्रदेश निवासी आकाश पुत्र रज्जन चौधरी को अवैध शराब के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई ओम प्रकाश जैन, अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (जोन-उदयपुर) आदराम दहिया, जिला आबकारी अधिकारी प्रद्युमन सिंह चुण्डावत, उपायुक्त ईपीएफ (जोन-उदयपुर) सहित होमगार्ड जमनाशंकर और लोकेश गवारिया के नेतृत्व में हुई थी। जिला आबकारी अधिकारी आदराम दहिया ने बताया कि न्यू ईयर के मद्देनजर अवैध शराब पार्टियों को रोकने के लिए विभाग की अलग-अलग टीमें लगातार गश्त और छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने सख्त लहजे में सचेत किया है कि किसी भी प्रकार की शराब पार्टी केवल आबकारी विभाग से विधिवत लाइसेंस लेकर ही की जाए, अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





