
गोगुंदा। क्षेत्र के जसवंतगढ़ मुख्य बस स्टैंड पर विकास के नाम पर खोदी गई सड़क पांच महीने बीत जाने के बाद भी ठीक नहीं हो पाई है। अंडरग्राउंड बिजली लाइन बिछाने के लिए विभाग ने सड़क तो खोद दी, लेकिन अब इसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। विभाग की इस सुस्ती और ठेकेदार की लापरवाही का खामियाजा अब स्थानीय ग्रामीणों और व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।
अधूरे काम ने बढ़ाई परेशानी
स्थानीय निवासी हितेश पालीवाल ने बताया कि बिजली विभाग ने अंडरग्राउंड लाइन डालने के लिए मुख्य बस स्टैंड से लेकर पिपलाज माताजी के मंदिर प्रांगण तक सड़क को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया है। काम शुरू हुए पांच महीने से लंबा समय बीत चुका है, लेकिन पाइप लाइन बिछाने के बाद सड़क की सुध नहीं ली गई हैं।
व्यवसाय और आवाजाही प्रभावित
हितेश ने कहा पहले यह सड़क पूरी तरह से व्यवस्थित थी, लेकिन अब जगह-जगह गड्ढे और बिखरे मलबे के कारण यहां से गुजरना कठिन हो गया है। धूल और कीचड़ के कारण व्यापारियों का व्यापार ठप हो रहा है और आम जनता को दुर्घटनाओं का भय सता रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने इस संबंध में कई बार विभाग को अवगत कराया गया, लेकिन बिजली विभाग का रवैया पूरी तरह से उदासीन बना हुआ है। ग्रामीणों ने विभाग से अपील की हैं कि सड़क की मरम्मत कर इसे पूर्व की तरह सुचारू किया जाए।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





