
उदयपुर – अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र से लौटने के बाद प्रथम भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला शनिवार को झीलों की नगरी उदयपुर में रहेंगे। उनकी यह यात्रा खास इसलिए मानी जा रही है क्योंकि वे यहां सरकारी स्कूलों के छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले नाटक ‘गुगल कर ले रे’ में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। आयोजन विद्या भवन स्कूल के मुक्ताकाशी रंगमंच पर शनिवार शाम 5 बजे से आयोजित होगा। स्केच आर्टिस्ट एवं प्रदेश के ख्यात आर्किटेक्ट सुनील एस. लड्ढा ने बताया कि विशेष बात यह है कि ग्रुप कैप्टन शुक्ला केवल उपस्थिति नहीं दर्ज कराएंगे, बल्कि वे स्वयं नाटक के एक हिस्से में मंच पर उतरकर ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाएंगे। करीब एक घंटे की इस नाट्य प्रस्तुति में अंतरिक्ष से लौटे किसी भारतीय अंतरिक्ष यात्री का इस तरह बच्चों के बीच आकर कला और शिक्षा के संगम को प्रोत्साहित करना शहर के लिए गौरवपूर्ण क्षण होगा। इस कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्धजन और विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थी सम्मिलित होंगे।
सरकारी स्कूल के बच्चों की प्रस्तुति
कार्यक्रम संयोजक व सृजनधर्मी शिक्षक हेमंत जोशी ने बताया कि साहित्यकार कहानीवाला रजत द्वारा लिखित श्गुगल कर ले रे…श् नाटक के सूत्रधार जनसंपर्क विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. कमलेश शर्मा होंगे जबकि इस नाटक का निर्देशन टीम संस्था के सुनील टांक और सोनू परिहार जयपुर द्वारा किया जाएगा। इस नाटक में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय वरड़ा के 10 बच्चों के साथ सुनील लड्ढा, हेमंत जोशी, संदीप राठौड़, नीलोफर मुनीर, प्रियंका कोठारी आदि कलाकार इसमें पहली बार मंचीय प्रस्तुति देंगे।
इन संस्थाओं का मिलेगा सहयोग
यह कार्यक्रम शहर के कला जगत में सक्रिय संस्था क्रिएटिव सर्किल द्वारा सजेगा, जिसमें आरएसएमएम, वंडर सीमेंट, नींव, पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर और विद्या भवन सोसायटी का सहयोग मिला है। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को मंच देने वाला यह आयोजन अपनी तरह का पहला प्रयास है, जिसमें सिद्धहस्त कलाकारों के बजाय सरकारी स्कूल के बच्चे नाटक की प्रस्तुति देंगे। ग्रुप कैप्टन शुक्ला विशेष रूप से विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के तहत चुनिंदा छात्रों व आमजनों से संवाद भी करेंगे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





