
गोगुंदा– उपखंड क्षेत्र के सायरा और गोगुंदा पंचायत समिति में 24 नवंबर से आयोजित हो रहे राष्ट्रीय वयोश्री योजना शिविर का शनिवार को समापन हुआ। वहीं दोनों शिविरों में करीब 2000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हीकरण दर्ज हुआ है। सायरा में आयोजित अंतिम दिन शिविर में 280 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण एवं सहायक उपकरण हेतु चिन्हीकरण किया गया था। उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकता के अनुसार कानपुर से आई भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम की विशेषज्ञ टीम द्वारा परीक्षण किया गया। इस दौरान लाभार्थियों को चश्मा, दंत बत्तीसी, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी, कमोड चेयर, सिलिकॉन तकिया सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। शिविर प्रभारी एवं सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी ने बताया कि उपखंड क्षेत्र में बीते छह दिनों से चले शिविरों में कुल 2000 से अधिक वरिष्ठ नागरिकों का चिन्हीकरण किया गया है। सभी चिन्हित लाभार्थियों को आगामी माह में वितरण शिविर के माध्यम से सहायक उपकरण प्रदान किए जाएंगे। शिविर में सायरा प्रधान सवा राम गमेती, विकास अधिकारी महीप सिंह जगावत, गोगुंदा मंडल अध्यक्ष निखिल कोठारी, नांदेश्वर मंडल अध्यक्ष नवल सिंह, सायरा मंडल अध्यक्ष करण जोशी सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





