
गोगुंदा– उपखंड प्रशासन एवं भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के संयुक्त तत्वावधान में सायरा पंचायत समिति मुख्यालय पर आयोजित राष्ट्रीय वयोश्री योजना अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण वितरित करने हेतु चल रहे शिविर के दूसरे दिन 373 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण एवं चिन्हीकरण किया गया।
उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकता के अनुसार विशेषज्ञ टीम द्वारा परीक्षण कर उन्हें चश्मे, दांतों की बत्तीसी, सुनने की मशीन, व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी, कमोड चेयर, सिलिकॉन तकिया सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हित किया गया। शिविर का उद्देश्य वृद्धजनों की दैनिक दिनचर्या को सहज बनाना एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।
शिविर प्रभारी सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी ने बताया कि सायरा पंचायत समिति क्षेत्र के ऐसे वरिष्ठ नागरिक जो किसी कारणवश अब तक शिविर में उपस्थित नहीं हो पाए हैं, वे 29 नवंबर (शनिवार) को अंतिम दिवस पंचायत समिति में उपस्थित होकर अपना चिन्हीकरण करवा सकते हैं तथा भारत सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। शिविर के दौरान अलख नयन संस्थान द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की नेत्र जांच भी की गई एवं उन्हें निशुल्क ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया। शिविर में सायरा प्रधान सवा राम गमेती, विकास अधिकारी महीप सिंह जगावत, तहसीलदार सुरेश मेहता, सरपंच संघ अध्यक्ष वालाराम गमेती, सरपंच शंकर लाल गमेती, प्रकाश गमेती, रमेश गोस्वामी, गौरव रैगर, सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





