
गोगुंदा– प्रधानमंत्री राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपखंड प्रशासन, पंचायत समिति एवं राष्ट्रीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दिव्यता वरिष्ठ नागरिक संबलन शिविर के तीसरे दिन भी बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक पहुंचे। शिविर में दूसरे दिन कुल 330 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण एवं चिन्हीकरण किया गया।
उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की चिकित्सा जांच कर आवश्यकता अनुसार सहायक उपकरण निर्धारित किए जा रहे हैं। दूसरे दिन के शिविर में 202 लाभार्थियों के चश्मे, 72 कृत्रिम दांत, 64 श्रवण यंत्र के अतिरिक्त व्हीलचेयर, वॉकर, बैसाखी, छड़ी, कमोड चेयर सहित अन्य उपकरणों के लिए भी चिन्हीकरण किया गया। उन्होंने बताया कि योजना का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाना एवं उनकी दैनिक गतिविधियों को सरल बनाना है।
शिविर के नोडल प्रभारी एवं सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी ने बताया कि एलिम्को की विशेषज्ञ टीम वरिष्ठ नागरिकों की जांच कर आवश्यक उपकरणों की सूची तैयार कर रही है, जिससे वितरण के समय लाभार्थियों को सही और उपयुक्त उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने बताया कि शिविर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में वरिष्ठजन लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 27 नवंबर से यह शिविर पंचायत समिति सायरा में आयोजित किया जाएगा, जिसमें सायरा ब्लॉक की ग्राम पंचायतों के वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण व चिन्हीकरण किया जाएगा। शिविर में पूर्व उपप्रधान पप्पू राणा, उपप्रधान लक्ष्मण सिंह झाला, पंचायत समिति सदस्य दिलीप गमेती,राजवीर सिंह राणावत सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे । शिविर में पहुंचे वरिष्ठ नागरिकों एवं उनके परिजनों ने योजना के अंतर्गत मिल रही सहायता के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल को अत्यंत उपयोगी बताया।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





