
गोगुंदा। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने के लिए उपखंड प्रशासन एवं राष्ट्रीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) के संयुक्त तत्वावधान में पंचायत समिति परिसर में जारी दिव्यता वरिष्ठ नागरिक संबलन शिविर में दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में वरिष्ठजन पहुंचे। शिविर में मंगलवार को 360 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीकरण एवं विभिन्न उपकरणों हेतु चिन्हीकरण किया गया। उपखंड अधिकारी शुभम भैंसारे ने बताया कि शिविर में वरिष्ठ नागरिकों की चिकित्सकीय जांच कर उनकी आवश्यकता के अनुसार उपकरण सूचीबद्ध किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि दूसरे दिन 175 वरिष्ठ नागरिकों के चश्मे, 64 कृत्रिम दांत, 70 सुनने की मशीन तथा व्हीलचेयर, वॉकर, छड़ी, बैसाखी, कमोड चेयर सहित अन्य सहायक उपकरणों के लिए चिन्हीकरण किया गया। शिविर के नोडल प्रभारी सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रवीण पानेरी ने बताया कि एलिम्को की विशेषज्ञ टीम वरिष्ठ नागरिकों की जांच कर प्रत्यक्ष रूप से आवश्यकता अनुसार उपकरण तय कर रही है, जिससे आगामी वितरण शिविर में उन्हें सही उपकरण उपलब्ध करवाए जा सकें। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति परिसर में यह शिविर 26 नवंबर को भी संचालित होगा, जिसमें शेष पात्र वरिष्ठजन लाभान्वित किए जाएंगे।
दिनभर चला पंजीकरण
शिविर में सुबह से ही वरिष्ठ नागरिकों का आना शुरू हो गया था। पंजीकरण काउंटरों पर कर्मचारियों ने वरिष्ठजनों को सुविधाजनक तरीके से प्रक्रिया पूर्ण करवाई। उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों की व्यवस्थित रूप से जांच कर उपकरणों के लिए उनका चिन्हीकरण किया गया।
अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
शिविर के दौरान विकास अधिकारी महीप सिंह जगावत, तहसीलदार प्रवीण कुमार, सायरा तहसीलदार सुरेश मेहता, उप प्रधान पप्पू राणा, पंचायत समिति सदस्य दिलीप गमेती सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न काउंटरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वरिष्ठ नागरिकों ने जताया आभार
शिविर में पहुंचे कई वरिष्ठ नागरिकों और परिजनों ने कहा कि योजना के माध्यम से उन्हें अत्यंत लाभ मिल रहा है और ऐसे शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के वरिष्ठजनों के लिए बड़ी राहत साबित होरही हैं।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





