
उदयपुर – शहर में सिटी स्टेशन से कोर्ट चौराहे तक बन रहे एलीवेटेड रोड का नाम वरिष्ठ भाजपा नेता भानुकुमार शास्त्री के नाम पर करने की मांग को लेकर वल्लभनगर के पूर्व विधायक व भाजपा नेता रणधीर सिंह भीण्डर ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा व स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा को पत्र लिखा। पत्र में बताया कि उदयपुर शहर में सिटी स्टेशन से कोर्ट चौराहा तक एलीवेटेड रोड बन रहा है। मेरी मांग है कि इस एलीवेटेड रोड का नामकरण हमारे उदयपुर के वरिष्ठ नेता पूर्व विधायक व पूर्व सांसद भानुकुमार शास्त्री के नाम पर किया जाये। शास्त्री ना केवल विधायक व सांसद रहे बल्कि भारतीय जनसंघ के प्रदेशाध्यक्ष भी रहे। राजस्थान सरकार में भी विभिन्न पदों पर रहे। खादी ग्रामोद्योग बोर्ड व लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष के रुप में जो कार्य आपने किया वो आज भी लोगों को स्मरण है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के आव्हान पर भानुकुमार शास्त्री कश्मीर गये और सत्याग्रह में भाग लिया, वहीं आपातकाल में मीसा बंदी के तौर पर जेल में भी रहे। अब तक ऐसे स्वतंत्रता सैनानी व अग्रज राज नेता की स्मृति में कोई नामकरण नहीं किया गया है। इसलिए उदयपुर के इस एलिवेटेड रोड का नामकरण स्वर्गीय भानुकुमार शास्त्री के नाम पर करने का आदेश दिलाएं।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





