Home » प्रदेश » उदयपुर जिले में 2 लाख 86 हजार 243 बैंक खातों में 101.47 करोड़ रूपये अदावाकृत जमा

उदयपुर जिले में 2 लाख 86 हजार 243 बैंक खातों में 101.47 करोड़ रूपये अदावाकृत जमा

उदयपुर – जिले में कई वर्षों से 2 लाख 86 हजार 243 बैंक खातों में जमा 101.47 करोड़ रूपयों को अपने असली वारिस का इंतजार है। इन रूपयों को बैंक की भाषा में अनक्लेम्ड डिपोजिट या अदावाकृत जमा कहा जाता है। यह अनक्लेम्ड डिपोजिट सही हाथों में पहुंच जाए इसके लिए भारत सरकार के निर्देश पर आरबीआई की ओर से ‘‘आपकी पूंजी, आपका अधिकार‘‘ अभियान शुरू किया गया है। अभियान के तहत आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा की अध्यक्षता में उदयपुर में 1 नवम्बर, शनिवार को सुबह 10 बजे से भुवाणा में सोलिटेयर रिसोर्ट, 100 फीट रोड, ओपेरा गार्डन के सामने, शोभागपुरा में विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में एसबीआई सहित सभी बैंकों, सेबी, बीमा कंपनियों, पेंशन के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
अग्रणी जिला प्रबंधक संजय कुमार गुप्ता ने बताया कि जागरुकता के अभाव में या कई बार दुर्घटनावश व्यक्ति अपने बैंक खाते या अन्य संपत्तियों का जीते-जी वारिस घोषित नहीं कर पाता है। ऐसे में उसकी मृत्यु के बाद उसकी संपत्ति बैंकों या अन्य वित्तीय संस्थानों में अनक्लेम्ड रह जाती है और बैंकों में निष्क्रिय पड़ी रहती है। इस पैसे को सही वारिसों तक पहुंचाने के लिए आरबीआई ने आपकी पूंजी, आपका अधिकार अभियान शुरू किया है। इसी कड़ी में उदयपुर में शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में अनक्लेम्ड जमा, अनक्लेमड बीमा दावे, अनक्लेमड डिविडेंड, अनक्लेम्ड शेयर और म्यूचुअल फंड आदि की जानकारी देने के साथ ही दावा प्रक्रिया के लिए सहायता प्रदान की जाएगी।
घर बैठे पता करें किस बैंक में लावारिस जमा-
अग्रणी जिला प्रबंधक गुप्ता ने बताया कि आरबीआई के यूडीजीएएम अनक्लेम्ड डिपोजिट्स गेटवे टू एक्सेस इन्फोर्मेशन) पोर्टल की सहायता से कोई भी नागरिक लावारिस जमा राशि की जानकारी प्राप्त कर सकता है। वो अपने परिवार के किसी भी सदस्य के नाम से भी पता कर सकता है कि किस बैंक में अनक्लेम्ड जमा है। सबसे पहले यूडीजीएएम पोर्टल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। यदि आप पहली बार उपयोग कर रहे हैं, तो आपको अपना मोबाइल नंबर डालकर पंजीकरण करना होगा। यदि आप पहले से पंजीकृत हैं, तो अपने विवरण का उपयोग करके लॉग इन करें।
लॉग इन करने के बाद अनक्लेम्ड जमा खोज करने के लिए कुछ आवश्यक विवरण दर्ज करने होंगे जैसे, खाताधारक का नाम, खाताधारक का पैन नंबर, खाताधारक का आधार नंबर, वोटर आईडी या जन्म तिथि। इस पोर्टल की सहायता से 30 बैंकों में जमा अनक्लेम्ड डिपॉजिट की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। एक बार जब आपको पता चल जाए कि आपका लावारिस डिपॉज़िट किस बैंक में है, तो आप सीधे उस बैंक की वेबसाइट या शाखा से संपर्क करें।
बैंक आपको लावारिस जमा पर दावा करने की प्रक्रिय के बारे में जानकारी देगा। दावा करते समय आवश्यक दस्तावेज (पहचान प्रमाण, पते का प्रमाण, और जमा का प्रमाण) प्रस्तुत करने होंगे। जमा राशि वापस पाने के लिए दावा संबंधित बैंक के माध्यम से करना है।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!