
सायरा – गुरूवार को क्षेत्र के एक तृतीय श्रेणी शिक्षक ने जयसमंद झील में कूदकर खुदकुशी कर ली। प्रथम दृष्टया खुदकुशी करने की मुख्य वजह ऑनलाइन गेम में पैसा इन्वेस्ट करना और लत लग जाना सामने आई है। हालांकि पुलिस तथ्यों के आधार पर छानबीन कर रही है जयसमंद चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि सायरा थाना क्षेत्र के सामल निवासी गेहरीलाल (28) पुत्र उदयलाल मेघवाल बुधवार को घर से बाइक लेकर दवाई लेने के बहाने उदयपुर गया था। लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने सायरा थाने में युवक की गुमशुदगी दर्ज कराईं थी। वहीं गुरुवार सुबह झील किनारे वलकुंडा मार्ग पर लावारिस हालत में एक बाइक राहगीरों को नजर आई।
वहीं परिजन मोबाइल लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश करते हुए जयसमंद पहुंचे। जहां बाइक की पहचान कर पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जयसमंद चौकी प्रभारी राजेंद्र प्रसाद मीणा, हेड कांस्टेबल देवेंद्र सिंह, कांस्टेबल शैतान सिंह, महेंद्र सिंह व विवेक पाटीदार मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस ने चट्टान के समीप झील किनारे पर पड़ा बैग बरामद किया। वहीं पानी में तैरते चप्पल के आधार पर युवक के झील में डूबने की आशंका जताई। पुलिस ने गामड़ी से गोताखोर व अन्य लोगों के सहयोग से पानी में शव की तलाश की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को झील से बाहर निकाला।
पुलिस ने मृतक के बड़े भाई गोविंद मेघवाल की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज किया। वहीं झाड़ोल अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंपा। पुलिस के अनुसार मृतक तृतीय श्रेणी शिक्षक था, जो सायरा क्षेत्र में एक स्कूल में कार्यरत था। वहीं मृतक की पत्नी भी शिक्षिका है। चौकी प्रभारी ने बताया कि परिजनों से पूछताछ पर प्रथम दृष्टया सामने आया कि युवक ऑनलाइन गेम खेलता था, जिसकी वजह से वह काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। हालांकि पुलिस ने मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही आत्महत्या के कारणों के बारे में पता चल पाएगा।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





