
उदयपुर– संकल्प एचईडब्ल्यू जागरूकता अभियान के अंतर्गत “जेंडर संवेदनशीलता” विषय पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सिसारमा में कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय की प्राचार्य माया नागदा, विकल्प संस्थान द्वारा संचालित महिला सलाह एवं सुरक्षा केंद्र पुलिस थाना- नाई से सामाजिक काउंसलर हेमलता नागदा, शिक्षिका उर्मिला नागदा तथा सुपरवाइज़र पूजा पाटीदार उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्राचार्य नागदा ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा महिलाओं की आत्मनिर्भरता का सबसे बड़ा साधन है, इसलिए सभी को शिक्षित होकर समाज में अपनी सशक्त पहचान बनानी चाहिए।
सुपरवाइज़र पूजा पाटीदार ने जेंडर समानता पर चर्चा करते हुए बताया कि समाज में आज भी लैंगिक असमानता के कई कारण हैं, जैसे शिक्षा में भेदभाव, महिलाओं की आर्थिक स्थिति, सामाजिक परंपराएँ और पारंपरिक सोच। उन्होंने मुख्य रूप से 11वीं और 12वीं की बालिकाओं से संवाद करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर एवं जागरूक बनने के लिए प्रेरित किया। साथ ही उन्होंने महिला अधिकारिता विभाग की योजनाओं शिक्षा सेतु योजना व मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना की जानकारी दी।
सामाजिक काउंसलर हेमलता नागदा ने महिलाओं एवं बालिकाओं से संबंधित कानूनों की जानकारी दी और बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत शपथ ग्रहण करवाया। गांव की महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी करते हुए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली महिलाओं को पुरस्कार दिए गए।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





