Home » प्रदेश » जीर्णोद्धार के बाद नेहरू उद्यान का बहुप्रतीक्षित लोकार्पण 5 को , म्युजिकल फाउण्टेन सहित 10 करोड़ के विकास कार्यों का भी होगा शिलान्यास

जीर्णोद्धार के बाद नेहरू उद्यान का बहुप्रतीक्षित लोकार्पण 5 को , म्युजिकल फाउण्टेन सहित 10 करोड़ के विकास कार्यों का भी होगा शिलान्यास

उदयपुर– शहर के पंचगौरव में गौरव शामिल विश्व प्रसिद्ध फतहसागर झील के मध्य स्थित नेहरू उद्यान में भ्रमण के लिए शहरवासियों और पर्यटकों को अब अधिक इंतजार नहीं करना होगा। जीर्णोद्धार और सुदृढीकरण कार्य के पश्चात् आगामी 5 सितम्बर को उद्यान का लोकार्पण प्रस्तावित किया गया है। इसी के साथ फतहसागर झील में म्युजिकल फाउण्टेन सहित करीब 10 करोड़ रूपए के अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी होगा।

उदयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि फतहसागर झील के मध्य लगभग 2.00 हैक्टेयर क्षेत्रफल में स्थित नेहरू गार्डन द्वीप का हस्तान्तरण नगर निगम, उदयपुर से उदयपुर विकास प्राधिकरण, उदयपुर को होने के उपरान्त मुख्यमंत्री बजट घोषणा वर्ष 2024-25 के अन्तर्गत इसके जीर्णोद्वार हेतु प्राधिकरण द्वारा विभिन्न विकास कार्य कराए गए। वर्तमान में मौके पर सिविल कार्य, फुटपाथ, वॉटर बॉडिज, हेरिटेज स्ट्रक्चर, होर्टिकल्चर आदि का सुदृढ़ीकरण एवं नवीनीकरण का कार्य पूर्ण किया गया है। उक्त कार्य के अन्तर्गत फतहसागर झील की अधिकतम भराव क्षमता को देखते हुए फुटपाथ के लेवल को भी ऊंचा किया गया है। नेहरू उद्यान द्वीप हेतु नौका संचालन का शुभारम्भ 05 सितम्बर 2025 को किया जाकर नेहरू उद्यान को पर्यटकों एवं आमजन हेतु खोला जाएगा। इसी दिन नेहरू गार्डन में स्थित वॉटर बाडिज हेतु म्यूजिकल फाउण्टेन एवं सम्पूण परिसर की फसाड लाईटिंग के लगभग 10 करोड़ रूपए के कार्यो का भी शिलान्यास किया जाएगा।

रानी रोड़ स्थित जेटी से होगा नौका संचालन
आयुक्त राहुल जैन  ने बताया कि नेहरू उद्यान के लिए नौका संचालन रानी रोड़ पर राजीव गाँधी स्मृति उद्यान के समीप स्थित ऑपन जिम पार्क पर निर्मित जेटी से किया जाएगा। फतहसागर काला किवाड़ से ओवरफ्लो के मध्य निरन्तर बढ़ते यातायात के अत्याधिक दबाव के दृष्टिगत एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था के अभाव में नेहरू उद्यान के जेटी पॉईन्ट को सर्किट हाऊस के समीप स्थित गुरूगोविन्द सिंह पार्क के सामने से रानी रोड़ पर स्थित ऑपन जिम स्थल पर स्थानान्तरित किया गया है। उक्त स्थल के समीप स्थित राजीव गांधी स्मृति उद्यान पर वाहनों की पार्किंग किये जाने से पार्किंग सम्बन्धी समस्या का भी निदान हो सकेगा।

अभी सुबह 9 से शाम 6 बजे तक का रहेगा समय, बाद में बढ़ाएंगे
जैन ने बताया कि नेहरू उद्यान के लिए नौका संचालन बाबत् जारी निविदा में आई विधिक बाधाओं का समाधान होने के बाद कार्यादेश जारी करते हुए नौका संचालन प्रारम्भ किया जा रहा है। वर्तमान में नेहरू उद्यान के लिए नौका संचालन का समय सुबह 9 बजे से सांय 6 बजे तक रहेगा। दिवाली त्यौहार के पश्चात् पर्यटन सीजन प्रारम्भ होने से पूर्व उद्यान में म्यूजिकल फाउण्टेन एवं फसाड लाईटिंग का कार्य पूर्ण होने के उपरान्त उद्यान का समय रात्रि 9ः30 बजे तक किया जाएगा, ताकि आने वाले पर्यटक अधिक से अधिक म्यूजिकल फाउण्टेन एवं आकर्षक लाईटिंग का लुत्फ उठा सकें।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!