
गोगुंदा– मंगलवार को जलझूलनी एकादशी की शाम को कस्बे के विभिन्न मंदिरों से मंगल गीतों व भजनों के साथ रामरेवाड़ियां निकाली गई। चारभुजा मित्र मंडल के संयोजन में भगवान चारभुजानाथ मंदिर से बैंडबाजों, घोड़ों व झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मोहल्लों से होते हुए राणेराव तालाब पर पहुंची। शोभायात्रा में कस्बे के गणमान्य नागरिकों सहित हजारों महिला-पुरूष शामिल हुए। युवाओं ने न एक से बढ़कर एक करतब दिखाए व प्रस्तुतियां दी। राणेराव तालाब पर मंच बनाया गया, जहां गंगा आरती के बाद विधि विधानपूर्वक ठाकुरजी को स्नान कराया व श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। इससे पहले सुबह पंचायत समिति द्वारा प्रताप चौक के समीप स्थित भगवान चारभुजानाथ मंदिर परिसर में यज्ञ करवाया गया, जिसमें भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली, प्रधान सुंदर गमेती, उपप्रधान लक्ष्मण सिंह झाला व पूर्व उपप्रधान पप्पू राणा भील सहित कई जनों ने आहुतियां दी। पंडित विकास जोशी ने यक्ष संपन्न करवाया। इसके बाद कस्बे के ठाकुरजी के सभी मंदिरों को नई रामरेवाड़ियां (पालकी) भेंट की गई। इस दौरान मंडल अध्यक्ष निखिल कोठारी, सरपंच कालू लाल गमेती, समाजसेवी दयालाल चौधरी, सुरेश सोनी, कमलेश तेली, रामलाल तेली, तुलसीराम भोई, नाहर सिंह देवड़ा, शंकर खटीक, मुकेश व्यास, सोहन लाल कोठारी, ओमप्रकाश वेद आदि मौजूद थे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





