
उदयपुर – भारत सरकार द्वारा संचालित नशामुक्त भारत अभियान की 5वीं वर्षगांठ के अवसर पर 31 अगस्त तक मंत्रालय की ओर से सम्पूर्ण भारत वर्ष में फ्लैगशिप अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही है। जिला कलेक्टर नमित मेहता ने सभी विभागों के अधिकारियों को फ्लैगशिप अभियान के दौरान निर्धारित गतिविधियां आयोजित कर उसकी रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।
यह करनी हैं गतिविधियां
मंत्रालय की ओर से जारी गाइड लाइन के अनुसार जिला स्तर पर छात्रों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और आम जनता की व्यापक भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए। शैक्षणिक संस्थानों, हॉटस्पॉट क्षेत्रों, प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर ऑनलाइन प्रतिज्ञा आयोजित किये जाने एवं सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियों के आयोजन किये जाने हैं। इसके अलावा अन्तर विद्यालय,महाविद्यालयों प्रतियोगिताओं, सेमिनार, वेबिनार, नशा विरोधी मानव श्रृंखला निर्माण, छात्र रैलियाँ, फ्लैश मॉब, नुक्कड़ नाटक का आयोजन करना है। नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खिलाफ मैराथन, वॉकथॉन, खेल प्रतियोगिता एवं अन्य शारीरिक गतिविधियाँ, सभी स्कूल, कॉलेज परिसर में एक पौधा लगाकर इसे नशा मुक्त भारत अभियान को समर्पित करना, सभी छात्र, युवा महिलाएं, कर्मचारी और अन्य लोग ई-प्रतिज्ञा लें और प्रमाण पत्र एनएमबीए ऐप से डाउनलोड करना, सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और सार्वजनिक संस्थानों में मादक द्रव्यों के सेवन के विरुद्ध एक सामूहिक शपथ आयोजित करना आदि शामिल हैं।

अधिक से अधिक लोगों को करें जागरूक
जिला कलक्टर नमित मेहता ने सभी विभागीय अधिकारियों को नशा मुक्ति अभियान को लेकर निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए अपितु सामाजिक एवं आर्थिक उन्नयन के लिए भी हानिकारक है। अभियान के दौरान व्यापक जनभागीदारी के साथ अधिकाधिक गतिविधियां आयोजित की जाएं, ताकि लोग नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक रहते हुए नशे की लत से दूर रहें।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





