उदयपुर – राज्य सरकार की पहल पर ब्राजील, मेक्सिको, अर्जेंटिना, चिली, कोलंबिया, पेरू, पनामा, कास्टारिका, गुयाना, त्रिनीदाद, टोबैगो, जमैका व सुरीनाम के कांटेंट क्रिएटर उदयपुर पहुंचे। उनके साथ 2 कॉर्डिनेशन ऑफिसर भी है। जानकारी के अनुसार ये कांटेंट क्रिएटर राजस्थान के ऐतिहासिक एवं दर्शनीय स्थलों को विश्व स्तर पर प्रचारित करने का काम करेंगे। राज्य सरकार ने इस काम के लिए इन्हें बुलाया है। इनके उदयपुर पहुंचने पर पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने उदयपुर का मानचित्र व राजस्थान की प्रचार सामग्री भेंट की।
विदेशी कांटेंट क्रिएटर ने सिटी पैलेस, जगमंदिर व करणी माता मंदिर सहित कई सहेलियों की बाड़ी, फतेहसागर, बाहुबली हिल तथा कई दर्शनीय व ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी की तथा व्लॉगिंग भी की। विभाग के संयुक्त निदेशक सुमिता सरोज व सहायक निदेशक दिवयानी वर्डिया भी इनके साथ रहे। उन्होंने बताया कि गाइड नितिन शर्मा ने सभी जगह गाइडिंग की। गुरूवार को कांटेंट क्रिएटर कुंभलगढ़ फोर्ट का भ्रमण करेंगे।
उल्लेखनीय है कि गत कुछ वर्षों से पर्यटन विभाग द्वारा इंफ्लूएंसरर्स, ब्लॉगर व कांटेंट क्रिएटर को हायर कर उनसे मानसून सीजन में प्रदेश के दर्शनीय, ऐतिहासिक व पयर्टक स्थलों का प्रचार प्रसार करवाया जा रहा है, जिससे विश्व भर के पर्यटकों का ध्यान राजस्थान की ओर आर्कषित हो और पर्यटन बढ़ें।






