
उदयपुर– जिले के बड़गांव थाना क्षेत्र के जिंडोली गांव में गुरुवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे गांव को सदमे मे डाल दिया। घरेलू विवाद के बाद 35 वर्षीय महिला ने खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली। आग में जल रही बहू को बचाने गई सास भी लपटों में घिर गई। जलती सास-बहू की लपटों से एक चिंगारी कमरे में रखे सूखे हुए चारे पर जा गिरी। जल्द ही चारे ने आग पकड़ ली और दोनों जिंदा जल गई। मृतक महिलाओं की पहचान 65 वर्षीय सास पप्पा बाई और बहू मांगी गमेती के रूप में हुई है।
सीआई पूरणसिंह राजपुरोहित ने जानकारी दी कि रात करीब साढ़े दस बजे गोपीलाल गमेती और उसकी पत्नी मांगी गमेती के बीच जमकर बहस हुई। सास ने बहू और बेटा दोनों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन बहू ने गुस्से में कमरे में जाकर डीजल छिड़ककर आग लगा दी थी। बहू को बचाने गई सास भी आग की चपेट में आ गई और दोनों जिंदा जल गईं।

थानाधिकारी पूरण सिंह ने बताया कि गोपीलाल के शोर मचाने पर गांव वाले भी मौके पर पहुंचे और दूर से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया गया लेकिन सूखे चारे के कारण आग तेजी से फैलती गई। करीब आधे घंटे बाद फायर ब्रिगेड और सिविल डिफेंस टीम ने लपटों पर काबू पाया। तब तक सास-बहू कंकाल बन चुकी थीं। आग इतनी भयानक थी कि दोनों के शव पूरी तरह जलकर केवल हड्डियां रह गईं। कमरे में उनके पैरों के कड़े अलग पड़े मिले। शवों को पुलिस ने पोटली में भरकर बाहर निकाला। घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





