
गोगुंदा (Udaipur)- शुक्रवार को क्षेत्र के ग्राम पंचायत जसवंतगढ़ में अनियमित एवं अघोषित बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों की समस्या को लेकर उदयपुर देहात कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष नारायण पालीवाल ने उपखंड अधिकारी शुभम भैसारे को ज्ञापन सौंपा। पालीवाल ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि विधानसभा क्षेत्र गोगुंदा के जसवंतगढ़ में विद्युत विभाग द्वारा अघोषित एवं अनियमित रूप से निरंतर बिजली कटौती की जा रही है जिससे कई छोटे मोटे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है। वहीं उपखंड अधिकारी को बताया कि भीषण गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से आमजन परेशान है। विद्युत विभाग में कार्यरत ठेकेदार की लापरवाही से कई जगह तार टूटने, पोल गिरने जैसी समस्याएं उत्पन्न होती है। एफआरटी में लगे लोग नियमानुसार कार्य नहीं करते है उसी का नतीजा है कि बारिश और तूफान के दिनों में कई जगह बिजली संकट पैदा होता है। जसवंतगढ़ के अतिरिक्त पूरी विधानसभा में ऐसी स्थिति सामान्य है। सभी स्थानों पर आमजन बिजली व्यवस्था से खासे परेशान है। इस दौरान उपसरपंच प्रेमशंकर सुथार, पूर्व उपसरपंच प्रकाश प्रजापत, भगवत सिंह सोलंकी, दुर्गाशंकर सुथार, मोहनसिंह चौहान, कैलाश प्रजापत, भगवती लाल प्रजापत सहित गेहरीलाल सुथार मौजूद रहे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





