
गोगुंदा (Udaipur)- जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर चल रहे विशेष अभियान के तहत बेकरिया थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुरुवार को भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की। कार्रवाई में 95 कार्टून किंगफिशर स्ट्रॉन्ग प्रीमियम बीयर (650ml) बरामद की गई, जबकि एक आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि देवला उपला चौराहा स्थित आरके होंडा गैराज दुकान में अवैध शराब का भंडारण किया गया है। सूचना की पुष्टि के बाद थानाधिकारी उत्तम सिंह के नेतृत्व में एएसआई अमरसिंह व डीएसटी प्रभारी श्याम सिंह समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दुकान की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुल 95 कार्टून बीयर बरामद की गई, जिन्हें जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। मौके से दुकान संचालक हरीराम गरासिया पुत्र वजाराम, उम्र 33 वर्ष, निवासी भंवराखेत, क्यारी, थाना बेकरिया को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ थाना बेकरिया में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की अग्रिम जांच जारी है। इस दौरान टीम में थानाधिकारी उत्तम सिंह, एएसआई अमरसिंह, कांस्टेबल अंकित कुमार, लोकेश, ईश्वर लाल व चालक भीखाराम और डीएसटी टीम से प्रभारी श्याम सिंह रत्नु व हैड कांस्टेबल जगदीश मौजूद रहे।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





