Home » Uncategorized » आरोप : गिरवीनामा लिखवाना था, करवा दी कृषि भूमि की रजिस्ट्री, जिला कलेक्टर को दिया ज्ञापन

आरोप : गिरवीनामा लिखवाना था, करवा दी कृषि भूमि की रजिस्ट्री, जिला कलेक्टर को दिया ज्ञापन

गोगुंदा (Gogunda / Udaipur) – मकान का गिरवीनामा लिखवाने के बहाने बुजुर्ग के मकान व खेती की 4 बीघा जमीन की रजिस्ट्री करवाने का मामला सामने आया। गोगुंदा थाना क्षेत्र के बगडूंदा ग्राम पंचायत के मजाम गांव निवासी पीड़ित 58 वर्षीय नाना लाल पुत्र कालु लाल गायरी ने गुरूवार को जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर धोखे से करवाई गई रजिस्ट्री को निरस्त करवाने की मांग की।

17/7/2025 : जिला कलेक्टर कार्यालय में नाना लाल व परिजन

जानकारी के अनुसार नाना लाल गायरी अपनी पत्नी व दो बेटियों सहित अन्य परिजनों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचा, जहां दोपहर तक जिला कलेक्टर से मिलने के लिए इंतजार किया लेकिन उनके वीसी में व्यस्त होने के चलते उनके कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। इससे पहले बुधवार को उसने गोगुंदा एसडीएम शुभम भैसारे, तहसीलदार रणछोड़लाल सोलंकी व थानाधिकारी श्याम सिंह चारण को भी परिवाद देकर रजिस्ट्री निरस्त करने व वाटी निवासी मनोहर सिंह पुत्र उदय सिंह राजपूत, जावर थाना क्षेत्र के वाडा बावड़ी निवासी चंदा कुंवर पत्नी अर्जुन सिंह कितावत व धायला निवासी लक्ष्मीलाल पुत्र भंवरलाल मेघवाल के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की थी।

 नाना लाल गायरी

ज्ञापन में उसने बताया कि करीब 8 साल पहले उसने गोगुंदा में स्थित मनोहर सिंह की दुकान से 30 हजार रुपए की कीमत के एक किलोग्राम वजन के चांदी के कड़े लिए थे और 13,600 रुपए उसे नकद दे दिए थे। बकाया राशि उसने एक वर्ष की अवधि में मनोहर सिंह को चुका दी। गत जून-2025 मंे मनोहर सिंह उसके घर आया और चांदी के कड़े के 30 हजार रुपए व ब्याज मिलाकर उसके एक लाख रुपए बकाया होना बताया। उसने कहा कि जो रुपए जमा करवागए थे वो तो ब्याज पेटे जमा कर लिए। अब मूल रकम 30,000 रुपए और उसका 6 साल का ब्याज मिलाकर एक लाख रुपए बकाया है। उसने रुपए हाथों हाथ जमा करवाने का दबाव बनाया और जमा न करवाने पर मकान गिरवी रखने को कहा। वो अपने साथ गिरवी रखने के कागजात लाया था, जिस पर उसके अंगूठा निशानियां करवा ली। उसने बताया कि 16 जून को मनोहर सिंह दुबारा उसके घर आया और गिरवीनामे में आधार कार्ड की जरूरत होने की बात कहकर उसे अपने साथ गोगुंदा ले गया। जहां तहसील में एक कमरे में ले जाकर तहसील के एक कर्मचारी के सामने कुछ कागजों पर अंगूठा निशानियां लगवाई और दूसरे कमरे में खड़ा रखकर फोटो खींचा। मनोहर सिंह ने उससे कहा कि गिरवीनामा हो गया है, अब जिस दिन बकाया पैसा दोगे उस दिन ये कागज वापस सौंप दिए जायेंगे।

ऐसे सामने आया धोखाधड़ी से रजिस्ट्री करवाने का मामला

हाल ही में बगडूंदा ग्राम पंचायत में पंडित दीनदयाल अंत्योदय पखवाड़ा के अंतर्गत शिविर लगाया गया था, जिसमें नाना लाल गायरी के भतीजे ने उनकी जमीन की नकल निकलवाई थी, जिसमें नाना लाल की जगह चंदा कुंवर का नाम अंकित था। दूसरे दिन उसकी रजिस्ट्री की कॉपी निकलवाई तो फर्जीवाड़े से रजिस्ट्री करवाने का मामला उजागर हुआ। दो दिन बाद बगडूंदा में एसडीएम द्वारा आयोजित की गई रात्रि चौपाल में नाना लाल ने रजिस्ट्री को निरस्त करने की मांग की थी।

उसने बताया कि रजिस्ट्री को निरस्त करने की मांग गोगुंदा तहसीलदार रणछोड़ लाल सोलंकी से भी की लेकिन उन्होंने यह करने में असमर्थता जाहिर की है। उसने बताया कि रजिस्ट्री में लिखा गया है कि जमीन खरीदने की एवज में नाना लाल को 2 लाख रुपए का चौक दिया गया। उसने बताया कि न तो चौक दिया गया और न ही तहसीलदार के सामने पेश किया गया। न तो मनोहर सिंह ने रजिस्ट्री करने के बारे में बताया और न ही तहसील के किसी भी कर्मचारी ने इस बारे में बताया। उसने आरोप लगाया कि मनोहर सिंह राजपूत ने गोगुंदा तहसीलदार रणछोड़ लाल सोलंकी व रजिस्ट्री करने की प्रक्रिया पूर्ण करने वाले तहसील के कर्मचारियों से मिलीभगत कर उसके साथ धोखाधड़ी की व उसके हिस्से की संपूर्ण कृषि भूमि व मकान का फर्जी विक्रय-पत्र तैयार कर चंदा कुंवर के नाम रजिस्ट्री करवा दी। उसने सभी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।

नाना लाल गायरी एक गरीब किसान है। मजाम गांव में उसके कच्चा मकान है और पत्नी व तीन बेटियां है, तीनों बेटियां अपने ससुराल रहती है व नाना लाल अपनी पत्नी के साथ मजाम में रहकर खेती कर जीवन यापन कर रहे है। उसकी पूरी जमीन व घर की किसी ओर के नाम पर रजिस्ट्री हो जाने की जानकारी मिलने के बाद से वो और उसका परिवार परेशान है।

‘‘मेरे सामने जो दस्तावेज आए उनके आधार पर मैंने पंजीयन (रजिस्ट्री) किया है, यदि पंजीयन गलत हुआ है तो प्रार्थी कोर्ट से निरस्त करवाए। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकता।’’ – रणछोड़ लाल सोलंकी, तहसीलदार गोगुंदा

जिला कलेक्टर कार्यालय में नाना लाल व परिजन

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!