Home » प्रदेश » एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षित वातावरण के लिए हों समन्वित प्रयास – जिला कलेक्टर

एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षित वातावरण के लिए हों समन्वित प्रयास – जिला कलेक्टर

उदयपुर – महाराणा प्रताप एयरपोर्ट डबोक की एयरफील्ड एनवायरमेंट कमेटी तथा एयरड्रोम कमेटी की बैठक शुक्रवार को जिला कलक्टर नमित मेहता की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट मिनी सभागार में हुई।

एयरफील्ड एनवायरमेंट कमेटी की बैठक में भारतीय विमान प्राधिकरण के उप महाप्रबंधक परिचालन रविन्द्र कुमार ने स्वागत करते हुए एजेण्डा बिन्दुओं पर चर्चा की। बैठक में एयरक्राफ्ट से पक्षियों के टकराने से होने वाले हादसों के बारे में अवगत कराते हुए उदयपुर एयरपोर्ट पर इसकी संभावनाओं पर चर्चा की गई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट के आसपास कचरे की डम्पिंग होने, मांस की दुकानें होने, निर्धारित उंचाई से अधिक पेड़ या इमारतें होने पर बर्ड स्ट्राइक की संभावनाएं अधिक रहती हैं।

जिला कलेक्टर मेहता ने एयरपोर्ट के आसपास स्थित सभी दुकानों, होटल, रेस्टोरेंट आदि के कचरा निस्तारण की पड़ताल कराकर नियमानुसार निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही वल्लभनगर और मावली उपखण्ड अधिकारियों को आसपास स्थित सभी मांस की दुकानों का पंजीयन एवं उनके अपशिष्ट के नियमानुसार निस्तारण को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। एयरपोर्ट के आसपास निर्धारित मापदण्ड से अधिक उंचे पेड़ों की छंगाई आदि भी कराने के लिए निर्देशित किया। जिला कलक्टर ने कहा कि हाल ही एयरपोर्ट हादसों की विभीषिका को सभी देखा है, उदयपुर ने इस हादसे में अपने लोग भी खोए हैं, ऐसे में एयरपोर्ट के आसपास सुरक्षित वातावरण के लिए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता है। एयरपोर्ट के अधिकारी आसपास के हितधारकों यथा होटल, रेस्टोरेंट संचालकों, खेत मालिकों से समझाइश करें तो निश्चित रूप से सभी का सहयोग मिलेगा।

एयरपोर्ट अधिकारियों ने कैम्पस से गुजर रही कच्ची नहर के कारण पक्षियों का मुवमेंट रहने की बात कही। उक्त नहर को पक्का कराने के लिए जल संसाधन विभाग स्तर पर कार्यवाही किए जाने की जानकारी दी। जिला कलक्टर ने विभागीय अभियंता से फीडबैक लेते हुए जल्द से जल्द इसका समाधान कराने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर ने एयरपोर्ट परिसर में वेस्टेज मैनेजमेंट सिस्टम की पड़ताल कराकर वेस्टेज निस्तारण सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में एयरपोर्ट को 145 एकड़ भूमि आवंटित किए जाने संबंधी प्रगति पर भी चर्चा की गई।

एयरड्रोम कमेटी की बैठक में प्लेन हाईजेक की वारदातों के मद्देनजर अपेक्षित सुरक्षा बंदोबस्त, त्वरित कार्यवाही आदि पर भी विस्तृत चर्चा की गई। एयरपोर्ट परिसर में पुलिस चौकी स्थापना के बिन्दु पर जिला कलक्टर ने एयरपोर्ट अधिकारियों को चौकी के लिए जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एसडीएम वल्लभनगर सुरेंद्र बी पाटीदार, मावली एसडीएम रमेश सिरवी सहित एयरपोर्ट से जुड़े विभिन्न अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Pavan Meghwal
Author: Pavan Meghwal

पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!