उदयपुर – सूरजपोल थाना पुलिस ने स्वराज नगर में दो युवकों पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुरानी रंजिश में किया था जानलेवा हमला
थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह ने बताया कि 9 नवंबर की शाम स्वराज नगर निवासी शेखर अपने दोस्त जितु उर्फ भुरिया के साथ घर से निकला था। इस दौरान स्वराज नगर की गली नंबर 1 से 10 की ओर जाते समय निर्मल पालीवाल डेयरी के पास आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते दोनों का रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से दोनों युवकों पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। हमले में शेखर गंभीर रूप से घायल हो गया था जबकि उसका साथी जितु भी गंभीर रूप से चोटिल हुआ था।
100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
थानाधिकारी ने बताया कि वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से हमलावरों की पहचान की गई। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए थे और लगातार ठिकाने बदल रहे थे। इस बीच मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रेलवे कॉलोनी की झाड़ियों में दबिश देकर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने राकेश पुत्र रमेश, दिशान्त पुत्र विमल सिंह, साहिल उर्फ बड़ा भैया, साहिल उर्फ छोटा भैया पुत्र शमशेर, साहिल पुत्र आदेश तथा मोहम्मद कामिल पुत्र मोहम्मद आबिद को गिरफ्तार किया है।
कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई ओमवीर सिंह, हेड कांस्टेबल गणेशलाल, कुलदीप सिंह तथा कांस्टेबल हितेन्द्र सिंह, गणिराज सिंह, शिवलाल और भावेश शामिल रहे।





