Home » प्रदेश » ब्लैक एंड व्हाइट संगीत संध्या से होगा आगाज, देशभर के व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मिलेगा आनंद

ब्लैक एंड व्हाइट संगीत संध्या से होगा आगाज, देशभर के व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का मिलेगा आनंद

उदयपुर – झीलों की शामों में अब शरद ऋतु की हल्की ठंडक के साथ सुर, शब्द और स्वाद की गरमाहट उतरने वाली है। संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केन्द्र की ओर से शिल्पग्राम में 12 से 15 नवंबर तक आयोजित चार दिवसीय ‘शरद रंग’ उत्सव, कला और पाक-परंपराओं का ऐसा रसरंग रचेगा, जिसमें हर शाम संगीत की नई छवि और हर गलियारे में देश के अलग-अलग स्वादों की खुशबू मिलेगी।

केंद्र निदेशक अश्विन एम. दलवी ने बताया कि उत्सव का आरंभ 12 नवंबर को निश एंटरटेनमेंट की ‘ब्लैक एंड व्हाइट संगीत संध्या’ से होगा। श्वेत-श्याम फिल्मों के युग की अमर धुनें जब मुक्ताकाशी रंगमंच पर जीवंत होंगी, तो रेडियो-युग की स्मृतियां, ग्रामोफोन की धीमी खनक और पुराने परदे का सम्मोहन एक साथ लौट आएगा। यह शाम उन संगीत-रसिकों के नाम होगी, जिनके मन में बीते दौर के गीत आज भी किसी कोमल दस्तक की तरह बसे हैं।

कार्यक्रम की अगली शाम 13 नवंबर को डॉ. विजय सिद्ध एवं उनका दल ‘कहरवा फ्यूजन’ में भारतीय लोक-लय और आधुनिक संगीत-बोध का संवाद रचेंगे। चंचल कहरवा ताल, लोक-वाद्यों की मिट्टी की महक और समकालीन सुरों का मेल शिल्पग्राम की रात को नई ऊर्जा देगा। इसी दिन और अगले दिन 14 नवंबर सुबह 10 बजे बंजारा मंच पर भारतीय पाक-कला पर दो दिवसीय चर्चा एवं संवाद होगा, जिसमें देश के विविध अंचलों से आए विशेषज्ञ भारतीय भोजन की परंपरा, स्वाद और सांस्कृतिक विरासत पर विचार रखेंगे।

अगली कड़ी में 14 नवंबर की संध्या प्रसिद्ध कवि अरुण जेमिनी एवं दल के कवि सम्मेलन के नाम रहेगी। हास्य, व्यंग्य, गीत और सामाजिक सरोकारों से भरी कविताएं कभी ठहाके बिखेरेंगी, तो कभी भीतर के प्रश्नों को जगाएंगी।

समारोह समापन 15 नवंबर को हरप्रीत हसरत की ‘एम्ब्रेस बाय हसरत’ प्रस्तुति से होगा, जहां उनकी भावपूर्ण आवाज युवा और वरिष्ठ, दोनों पीढ़ियों को एक ही सुर में बांधने का प्रयास करेगी।

उत्सव में दोपहर 12 से रात 10 बजे तक व्यंजनों की दुनिया भी अपने रंग दिखाएगी। राजस्थानी फूड से लखनवी जायका, बिहारी व्यंजन से पंजाबी ढाबा, बंगाल के पीठा-पुली से महाराष्ट्रियन स्वाद, हिमालया बाइट्स, हरियाणा जलेबा, ओड़िया डिश व पापड़ी चाट, अवध की मिठास और उदयपुर के बेकरी आइटम्स तक—हर स्टॉल स्वाद के बहाने भारत की विविधता का परिचय देगा। चार दिनों में यह उत्सव शहरवासियों और सैलानियों के लिए साझा सांस्कृतिक स्मृतियों का जीवंत उत्सव बनेगा।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Leave a Comment

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!