मां पार्वती का रूप धारण कर 40 दिन तक कठिन तप करते है भील समाज के लोग….. देखें यह वीडियो – https://www.youtube.com/watch?v=tRaBZbLb3TY
लखन सालवी (उदयपुर) – मेवाड़ की धरती पर त्योहार केवल उत्सव नहीं होते, बल्कि वे लोकजीवन, आस्था, परंपरा और सामुदायिक एकता को अपने भीतर समेटे होते हैं। इन्हीं परंपराओं में एक अनूठी और जीवंत परंपरा है गवरी। रक्षाबंधन के दूसरे दिन से शुरू होने वाला यह पर्व करीब सवा महीने यानी 40 दिन तक चलता है। इस दौरान मेवाड़ के आदिवासी भील समाज के पुरुष विभिन्न धार्मिक और पौराणिक पात्रों का रूप धारण कर गांव-गांव गवरी नृत्य और नाट्य प्रस्तुत करते हैं।
गवरी को केवल नृत्य या लोकनाट्य कहना इसके व्यापक स्वरूप को सीमित कर देना होगा। यह साधना, आराधना, धार्मिक आस्था और सामुदायिक एकता का पर्व है। मान्यता है कि सवा महीने के इस कालखंड में मां गोरज्या यानी मां पार्वती धरती पर रहती हैं और गवरी के पात्र उनके स्वरूप में लोकजीवन के बीच रहते हुए धार्मिक अनुष्ठान करते हैं।
गोरज्या यानी मां पार्वती, इसी आस्था से जुड़ी है गवरी
गवरी को कई स्थानों पर नृत्य पर्व भी कहा जाता है। मेवाड़ के आदिवासी भील समुदाय के लोग इस दौरान मां गोरज्या का स्वरूप धारण करते हैं। गोरज्या को मां पार्वती का रूप माना जाता है।
गवरी से जुड़ी लोककथा भस्मासुर और भगवान शिव से जुड़ी है। मान्यता के अनुसार भस्मासुर ने तपस्या कर भगवान शिव को प्रसन्न किया और उनसे ऐसा वरदान प्राप्त किया कि जिसके सिर पर वह हाथ रखे, वह भस्म हो जाए। वरदान मिलने के बाद उसने पार्वती को प्राप्त करने के लिए भगवान शिव को ही भस्म करने का प्रयास किया। तब भगवान विष्णु ने मोहिनी रूप धारण कर भस्मासुर को मोहित किया और अंततः उसी के वरदान के कारण उसे भस्म कर दिया। लोकमान्यता में इसी प्रसंग से गवरी नृत्य की परंपरा को जोड़ा जाता है।
दो तरह से ली जाती है गवरी
भील समाज में गवरी लेने की परंपरा भी अपने आप में अनूठी है। इसके लिए मुख्य रूप से दो तरीके प्रचलित हैं। पहले तरीके में गांव के किसी व्यक्ति में अचानक माता के भाव आने लगते हैं। यदि उस व्यक्ति को पहले कभी ऐसे भाव नहीं आए हो तो इसे इस संकेत के रूप में देखा जाता है कि माता उस गांव में आना चाहती हैं। इसके बाद गांव में गवरी लेने का निर्णय किया जाता है।
दूसरे तरीके में रक्षाबंधन के आस-पास गांव के अलग-अलग समाजों के लोग खेड़ा देवी या गोरज्या माता के मंदिर पर एकत्र होते हैं। यहां माता से पाती मांगी जाती है। मंदिर में माता की मूर्ति के सामने हरी पत्ती रखकर मनोकामना की जाती है। यदि वह पत्ती थाली में गिर जाती है तो इसे माता की स्वीकृति माना जाता है और गांव गवरी लेने की तैयारी शुरू कर देता है। पाती उतरने की सूचना भी परंपरागत रूप से तेजी से पूरे क्षेत्र में फैल जाती है कि अमुक गांव ने गवरी ली है। गवरी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह केवल भील समाज का धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि पूरे गांव की सामुदायिक एकता और सामूहिक आस्था का प्रतीक बन जाती है।
गवरी के दूसरे दिन मंदिर पहुंचते हैं 9 नेगाती
गवरी लेने के अगले दिन सुबह भील समाज के परिवारों में से 9 नेगाती मंदिर पहुंचते हैं। इन्हें कोई बुलावा नहीं भेजा जाता। वे अपने कपड़े लेकर स्वयं मंदिर पहुंचते हैं। राजस्थान भील विकास समिति से जुड़े हुए गोगुंदा के पप्पू राणा भील बताते है कि ये नौ नेगाती गवरी के प्रमुख सदस्य होते हैं और परंपरागत रूप से निर्धारित परिवारों से ही आते हैं। दूसरे परिवार का व्यक्ति नेगाती तभी बन सकता है, जब किसी निर्धारित नेगाती परिवार में कोई पुरुष जीवित न रहे। इसके अलावा गांव के प्रत्येक भील परिवार से एक-दो पुरुष स्वेच्छा से गवरी में शामिल होते हैं। गवरी में मुख्य रूप से पुरुष ही भाग लेते हैं। गवरी के पात्रों की बहनें और गांव के अन्य लोगों की बहनें भी इस धार्मिक आयोजन से जुड़ती हैं। मंदिर में भोपा और गांव के पंच गवरी में शामिल लोगों को उनके पात्र के अनुसार वेशभूषा धारण करवाते हैं। इसके बाद पहले दिन गवरी का आयोजन अपने ही गांव में होता है।
कुटकुटिया के हाथ में होती है पूरी गवरी की कमान
गवरी में चार प्रमुख पात्र माने जाते हैं – राई, बूड़िया, भोपा और कुटकुटिया। गवरी में दो राई होती हैं। एक भगवान शिव की पार्वती का प्रतीक होती है, जबकि दूसरी भगवान विष्णु के मोहिनी स्वरूप का। दोनों लगभग एक जैसी वेशभूषा धारण करती हैं। बूड़िया के चेहरे पर लकड़ी का गोल मुखौटा लगाया जाता है और कमर में घुंघरू बांधे जाते हैं। गवरी के अधिकांश पात्र आंखों में काजल, होठों पर लिपस्टिक लगाते हैं। नाक और कानों में बालियां, हाथों में चूड़ियां, कमर में कंदोरा तथा पैरों में पायजेब और घुंघरू पहने जाते हैं। गवरी की पूरी व्यवस्था और संचालन कुटकुटिया के हाथ में होता है। गवरी किस गांव जाएगी, कहां ठहरेगी, कहां भोजन करेगी और कौनसा नाटक या नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। इन सभी बातों का निर्धारण कुटकुटिया करता है।
आमतौर पर बहनों के बुलावे पर गवरी उनके गांव पहुंचती है। हालांकि गवरी को गांव में आमंत्रित करने की परंपरा केवल बहनों तक सीमित नहीं है। कोई भी व्यक्ति गवरी को अपने गांव में बुला सकता है।
गवरी को गांव में खुशहाली, समृद्धि और गांव को मुसीबतों से बचाने की मनोकामना के साथ आमंत्रित किया जाता है। यह लोगों का अटूट विश्वास है। जिस गांव में गवरी पहुंचती है, वहां मंदिर या चौराहे पर उसका आयोजन होता है। सबसे पहले चौक में महादेव का त्रिशूल स्थापित किया जाता है। इसके बाद गवरी के सभी पात्र त्रिशूल के चारों ओर घेरा बनाकर नृत्य और नाट्य प्रस्तुत करते हैं।
50 से 200 कलाकार, दिन-रात होते हैं नाटकों के मंचन
गवरी दल में सामान्यतः 50 से 200 तक सदस्य होते हैं। जिस गांव में भील समाज के परिवारों की संख्या अधिक होती है, वहां गवरी दल भी उतना ही बड़ा होता है। गवरी जिस गांव में जाती है, वहां सुबह-शाम आरती होती है। आरती के बाद ही गवरी दल के सदस्य भोजन करते हैं। उधर उनके अपने गांव के मंदिर में भी रोजाना सुबह और शाम आरती की जाती है, जिसमें गवरी दल के परिवारों के साथ गांव के अन्य लोग भी शामिल होते हैं। गवरी नृत्य और नाट्य की एक खास विशेषता यह है कि पुरुष ही महिला पात्रों की भूमिका निभाते हैं। गवरी में शिव-पार्वती, भंवरिया, बादशाह की फौज, रूपादे-रावलमाल, गोमा मीणा, बंजारा, देवी अंबाव, भियांवड़, कालू कीर और कान गूजरी जैसे अनेक नाटकों का मंचन किया जाता है। इनमें पौराणिक कथाओं और लोककथाओं का मिश्रण देखने को मिलता है। अधिकांश कथानक सतयुग की घटनाओं से जुड़े बताए जाते हैं। धार्मिक और पौराणिक कथाओं के बीच मनोरंजन का रंग भी बना रहता है। कलाकार बीच-बीच में फिल्मी संवाद और गीतों पर नृत्य करते हैं। जोकर का पात्र हास्य-विनोद के जरिए दर्शकों का मनोरंजन करता है।
14 कड़े नियमों का पालन, घर तक नहीं जा सकते नेगाती
गवरी के 40 दिन जितने उत्सव और आस्था से भरे होते हैं, उतने ही कठिन भी। भादवी गुड़ा के नारायण लाल गमेती के अनुसार गवरी के पात्रों के लिए 14 कड़े नियम निर्धारित हैं, जिनका पालन पूरे सवा महीने तक करना होता है। नेगातियों के लिए ये नियम विशेष रूप से कठोर होते हैं। वे रोज स्नान नहीं कर सकते। हरी सब्जी और हरे फल सहित हरे रंग की किसी भी वस्तु का सेवन नहीं करते। मांस और मदिरा से पूरी तरह दूर रहना होता है। पैरों में जूते नहीं पहन सकते और घर भी नहीं जा सकते। लकड़ी से बनी वस्तुओं पर बैठने की भी मनाही होती है। इन नियमों के बीच करीब 40 दिन तक गांव-गांव घूमकर गवरी करना किसी कठिन साधना से कम नहीं है।
जलझूलनी एकादशी पर होती है गवरी की विशेष पूजा
जलझूलनी एकादशी गवरी पर्व में विशेष महत्व रखती है। इस दिन गवरी दल अपने गांव लौटता है और वहां गवरी का आयोजन होता है। इसी दिन ठाकुर जी को स्नान कराया जाता है और गवरी भी स्नान करती है।
गवरी दल के सभी सदस्य इस दिन व्रत रखते हैं। बाद में उनकी बहनें फलाहार आदि करवाकर उनका व्रत खुलवाती हैं। जलझूलनी एकादशी के अगले दिन गवरी फिर गांव से निकल पड़ती है। जहां-जहां से आमंत्रण आता है, गवरी दल वहां पहुंचता है। हर गांव से मिलने वाली भेंट का हिसाब कुटकुटिया रखता है।
समापन से पहले होती है घड़ावण की रात
गवरी के समापन से एक दिन पहले दल वापस अपने गांव पहुंचता है। इस दिन कुम्हार के यहां से मिट्टी का हाथी लाया जाता है। मिट्टी के हाथी को बीच में रखकर पूरे दिन गवरी खेली जाती है। शाम को कपड़े से बने विशाल हाथी की सवारी निकाली जाती है, जिसे गणपति की आराधना से जोड़ा जाता है। इसके बाद पूरी रात नाटकों का मंचन होता है। जोगियों की जमात निकाली जाती है, जिसमें भगवान शिव और पार्वती के विवाह तथा संसार की उत्पत्ति का चित्रण किया जाता है। अंत में नट-नटणी का नाटक प्रस्तुत किया जाता है।
घड़ावण की रात 9 नेगातियों की अग्नि परीक्षा
गवरी के सबसे कठिन और आस्था से जुड़े प्रसंगों में घड़ावण की रात विशेष महत्व रखती है। रात में मिट्टी के हाथी को मंदिर में रख दिया जाता है और पूरी रात धार्मिक कार्यक्रम चलते हैं।
इसी दौरान मां गोरज्या के सामने गवरी के 9 नेगातियों की अग्नि परीक्षा होती है। गीले आटे से दो बड़े और खड़े दीपक बनाए जाते हैं और उनमें बत्तियां जलाई जाती हैं। प्रत्येक नेगाती को अपने मुंह, कोहनियों और घुटनों से इन दीपकों को नीचे गिराना होता है। लोकमान्यता है कि यदि सवा महीने की गवरी के दौरान किसी नेगाती से नियमों का उल्लंघन हुआ हो तो वह इस अग्नि परीक्षा में दीपक की लौ से झुलस सकता है। अग्नि परीक्षा के बाद बहनें नेगातियों और भोपाओं को हरी ककड़ी, सेब आदि खिलाकर उनका व्रत खुलवाती हैं।
कुटकुटिया गाकर सुनाता है 40 दिन का पूरा हिसाब
घड़ावण के दौरान चौराहे पर होने वाले गवरी नृत्य में कुटकुटिया पूरे सवा महीने का हिसाब गाकर सुनाता है। गवरी किन-किन गांवों में गई, कहां अच्छा अनुभव रहा, कहां परेशानी हुई, किसने कितनी भेंट दी, किन चुनौतियों का सामना करना पड़ा और कहां गवरी की सराहना हुईकृइन सबका उल्लेख किया जाता है। गवरी के दौरान हुई गलतियों का भी जिक्र किया जाता है। कुटकुटिया द्वारा पूरे महीने की घटनाओं को याद रखकर गीत के रूप में प्रस्तुत करना अपने आप में अद्भुत परंपरा रही है।
वलावण के साथ होता है गवरी का विसर्जन
गवरी नृत्य मांदल और थाली की धुन पर किया जाता है और अंत में इसका समापन वलावण, यानी गवरी के विसर्जन के साथ होता है। वलावण के दिन शाम को खेड़ा देवी मंदिर से ज्वारा और माता गोरज्या का हाथी मुख्य चौराहे पर लाया जाता है। यहां दिनभर गवरी नृत्य होता है। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। शाम करीब चार बजे गवरी नृत्य बंद किया जाता है। इसके बाद गवरी के पात्रों की बहनें उन्हें पहरावणी कराती हैं, यानी नए कपड़े भेंट करती हैं। अंत में माता के हाथी और ज्वारों को सिर पर उठाकर गांव के समीप स्थित सरोवर तक ले जाया जाता है और वहां उनका विसर्जन किया जाता है। इसके साथ ही करीब 40 दिनों तक चलने वाला गवरी पर्व संपन्न होता है।
केवल नृत्य नहीं, मेवाड़ की जीवित सांस्कृतिक विरासत
गवरी के 40 दिन मेवाड़ के आदिवासी अंचल के लिए केवल मनोरंजन का समय नहीं होते। यह वह समय है, जब गांव की सामूहिक आस्था, धार्मिक विश्वास, लोककथाएं, अभिनय, संगीत, नृत्य और सामाजिक रिश्ते एक साथ दिखाई देते हैं। 9 नेगातियों की कठिन साधना से लेकर गांव-गांव गूंजती मांदल की थाप और वलावण के अंतिम विसर्जन तक गवरी मेवाड़ की ऐसी जीवित परंपरा है, जो पीढ़ियों से लोकजीवन को अपनी जड़ों से जोड़े हुए है।





