Home » प्रदेश » गवरी को लेकर की अशोभनीय टिप्पणी, मेवाड़ में आक्रोश, हरियाणा के हैप्पी सिंह की गिरफ्तारी की मांग

गवरी को लेकर की अशोभनीय टिप्पणी, मेवाड़ में आक्रोश, हरियाणा के हैप्पी सिंह की गिरफ्तारी की मांग

Happy Singh

उदयपुर – मेवाड़ की पारंपरिक लोकनाट्य और धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा गवरी से जुड़े एक वीडियो को लेकर उदयपुर समेत पूरे मेवाड़ में आक्रोश फैल गया है। हरियाणा निवासी हैप्पी सिंह द्वारा इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में गवरी कलाकार से बातचीत के दौरान की गई कथित अशोभनीय टिप्पणियों को लेकर आदिवासी समाज सहित विभिन्न संगठनों और लोगों ने नाराजगी जताई है। कई स्थानों पर प्रदर्शन कर युवक के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की गई है। वहीं उदयपुर पुलिस ने हैप्पी सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

जानकारी के अनुसार, हैप्पी सिंह गत दिनों राजस्थान आया था। इसी दौरान उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र से गुजरते समय उसकी नजर गवरी की वेशभूषा में मौजूद एक कलाकार पर पड़ी। गवरी कलाकार ने मां पार्वती का रूप धारण कर रखा था और देवी के आभूषण पहने हुए थे। हैप्पी सिंह ने कलाकार से बातचीत करते हुए उससे सवाल किए और उसका वीडियो बना लिया। बाद में यह वीडियो उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट Happy_99000 पर पोस्ट कर दिया।

वीडियो सामने आते ही बढ़ा आक्रोश

वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद उसमें हैप्पी सिंह द्वारा कही गई बातों को लेकर लोगों में नाराजगी फैल गई। लोगों का कहना है कि गवरी केवल लोक मनोरंजन नहीं, बल्कि मेवाड़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा है, जिससे आदिवासी समाज समेत पूरे मेवाड़ की भावनाएं जुड़ी हुई हैं।

वीडियो को लेकर आक्रोश बढ़ने के बाद कई जगह लोगों ने प्रदर्शन किया। उदयपुर में भी लोगों ने विरोध जताते हुए संबंधित युवक के खिलाफ कार्रवाई और उसकी गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े पात्रों और प्रतीकों को लेकर सोशल मीडिया पर इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।

वीडियो डिलीट कर मांगी माफी

विवाद बढ़ने के बाद हैप्पी सिंह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से संबंधित वीडियो डिलीट कर दिया। इसके बाद उसने माफी मांगते हुए 3-4 वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किए। इन वीडियो में उसने अपने पहले वीडियो को लेकर माफी मांगी है। हालांकि, माफी के वीडियो सामने आने के बावजूद मेवाड़ में लोगों का आक्रोश पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। लोगों की मांग है कि पूरे मामले की जांच की जाए और यदि वीडियो में कानून के दायरे में आपत्तिजनक सामग्री या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली बात सामने आती है तो संबंधित युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

गवरी से जुड़ी है मेवाड़ की गहरी आस्था

गवरी मेवाड़ की विशिष्ट लोकनाट्य परंपरा है, जिसमें धार्मिक कथाओं और लोकजीवन से जुड़े प्रसंगों को अभिनय, नृत्य और संवाद के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। विशेष रूप से आदिवासी अंचलों में गवरी का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व बेहद गहरा है। कलाकार कई दिनों तक अलग-अलग गांवों में गवरी का मंचन करते हैं। इसी कारण गवरी से जुड़े कलाकारों की वेशभूषा, पात्रों और धार्मिक प्रसंगों को लेकर लोगों की भावनाएं भी गहराई से जुड़ी हुई हैं। यही वजह है कि हैप्पी सिंह के वीडियो को लेकर सोशल मीडिया से शुरू हुआ विवाद अब विरोध-प्रदर्शन और गिरफ्तारी की मांग तक पहुंच गया है।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!