Home » Uncategorized » 17 जून की रात को गोगुंदा के चौगान में हो रहा है यह आयोजन, तैयारियां जोरों पर . . .

17 जून की रात को गोगुंदा के चौगान में हो रहा है यह आयोजन, तैयारियां जोरों पर . . .

गोगुंदा/Udaipur –  मेवाड़ की ऐतिहासिक नगरी गोगुंदा में महाराणा प्रताप जयंती के अवसर पर 17 जून को विशाल कवि सम्मेलन #Kavisammelan का आयोजन किया जाएगा। गोगुंदा चौगान में आयोजित होने वाले इस साहित्यिक आयोजन में राजस्थान के विभिन्न जिलों से ख्यातनाम कवि एवं कवयित्रियां अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को वीरता, संस्कृति और लोक चेतना के रंगों से रूबरू कराएंगे।

कवि सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रविवार को मालियों का चौरा स्थित सांई मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए विभिन्न व्यवस्थाओं की जिम्मेदारियां कार्यकर्ताओं को सौंपी गईं।

बैठक में प्रताप फोर्स Pratap Force के संरक्षक भरत सोनी, अध्यक्ष विकास चौधरी, पूर्व अध्यक्ष मयंक चौधरी, उपाध्यक्ष मुकेश सोनी, विकास जोशी, सुनील सोनी, सदस्य कमलेश तेली, महेश सोनी, शुभम सोनी एवं तरुण मेहता सहित महाराणा प्रताप प्रेस क्लब के लखन सालवी, कपिल सोनी तथा अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

प्रताप फोर्स के अध्यक्ष विकास चौधरी ने बताया कि सम्मेलन में शक्करगढ़ (भीलवाड़ा) के कवि राजकुमार बादल ग्रामीण जीवन, लोक संस्कृति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। वहीं जयपुर के सुप्रसिद्ध कवि अशोक चारण राष्ट्रभक्ति और वीर रस से ओतप्रोत अपनी ओजस्वी कविताओं से श्रोताओं में उत्साह का संचार करेंगे।

इसके अलावा पोटलां (भीलवाड़ा) के कवि बद्री बसंत लौहार, नाथद्वारा के लोकेश महाकाली, बांसवाड़ा की युवा कवयित्री रोहिणी पंड्या, प्रतापगढ़ के कवि पार्थ नवीन तथा राजसमंद जिले के ओडन गांव के कवि कानू पंडित भी अपनी रचनाओं का काव्यपाठ करेंगे।

आयोजकों के अनुसार यह आयोजन केवल कविताओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मेवाड़ की गौरवशाली परंपरा, इतिहास और सांस्कृतिक विरासत का उत्सव भी बनेगा। गौरतलब है कि गोगुंदा वही ऐतिहासिक स्थल है जहां महाराणा प्रताप का राजतिलक हुआ था। यहां स्थित राजतिलक स्थल एवं मायरा की गुफा आज भी उनके संघर्ष, त्याग और शौर्य की अमर गाथा को संजोए हुए हैं।

महाराणा प्रताप प्रेस क्लब, प्रताप फोर्स एवं गोगुंदा के युवा साथियों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस विशाल कवि सम्मेलन में गोगुंदा, सायरा, देवला, कोटड़ा, उदयपुर, वल्लभनगर, भींडर, मावली सहित समूचे मेवाड़ अंचल के साहित्य प्रेमियों को आमंत्रित किया गया है।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!