Home » Uncategorized » चाकूबाजी में युवक की मौत, इलाके में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

चाकूबाजी में युवक की मौत, इलाके में तनाव के बाद भारी पुलिस बल तैनात

उदयपुर – मंगलवार को शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित सिलावटवाड़ी बिच्छू घाटी इलाके में देर रात हुई चाकूबाजी की घटना में एक 26 वर्षीय युवक की जान चली गई। आपसी रंजिश के चलते हुए इस हमले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक की पहचान अंबावगढ़ निवासी साहिल (पुत्र आरिफ) के रूप में हुई है।

पुरानी रंजिश और लोकेशन ट्रेस कर हमला

जानकारी के अनुसार इस पूरी वारदात की जड़ पुरानी रंजिश बताई जा रही है। दरअसल, क्षेत्र के ही रहने वाले जीशान उर्फ हड्डी का कुछ युवकों के साथ पहले विवाद और मारपीट हुई थी। इसी रंजिश को पालते हुए आरोपियों ने बदले की साजिश रची।

बताया जा रहा है कि ठोकर चौराहा निवासी नईम और कच्ची बस्ती निवासी कुंदन ने फोन कर जीशान की लोकेशन ली और फिर अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर बिच्छू घाटी पहुंच गए।

सीने पर वार और मौके पर ही मौत

जब आरोपी मौके पर पहुंचे, तो वहां जीशान के साथ मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान वहां मौजूद साहिल ने हस्तक्षेप किया या बीच-बचाव की कोशिश की, तभी हमलावरों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। साहिल के सीने पर चाकू का गंभीर वार लगा, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में हंगामा और सुरक्षा के कड़े इंतजाम

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल साहिल को तुरंत महाराणा भूपाल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साहिल की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में उसके परिजन और स्थानीय लोग अस्पताल परिसर में जमा हो गए।

युवक की मौत से उपजे आक्रोश को देखते हुए अस्पताल और प्रभावित इलाकों में माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने एहतियात के तौर पर कई थानों की पुलिस और अतिरिक्त जाब्ता तैनात कर दिया है।

पुलिस की कार्रवाई

घंटाघर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच की जा रही है ताकि हत्या की असली वजह और इसमें शामिल अन्य चेहरों को बेनकाब किया जा सके।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]
error: Content is protected !!