
वल्लभनगर (Udaipur)- उदयपुर जिले के वल्लभनगर ब्लॉक के रूपावली गांव में रविवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां सरकारी स्कूल की जर्जर इमारत अचानक ढह गई। गनीमत रही कि रविवार को अवकाश होने के कारण स्कूल में बच्चे मौजूद नहीं थे, नहीं तो यह हादसा भी झालावाड़ की घटना जैसा दर्दनाक साबित हो सकता था। ग्रामीणों के अनुसार, यह इमारत लंबे समय से खस्ताहाल थी। स्कूल की दीवारों में दरारें थीं और छत भी कमजोर हो चुकी थी। कई बार स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को ही उन्होंने स्कूल की खस्ता हालत को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था, लेकिन प्रशासन ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। रविवार सुबह जैसे ही भवन का एक हिस्सा भरभराकर गिरा, गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी शिक्षा विभाग और प्रशासन को दी। ग्रामीणों का कहना है कि अगर, अब भी ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाले समय में बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल की बिल्डिंग को तुरंत नया बनाया जाए। साथ ही, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में किसी बच्चे की जान जोखिम में न पड़े।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





