
सायरा (Udaipur)- विगत दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते स्कूलों में बच्चों का पढ़ना मुश्किल हो गया है।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत कुंडलावास के समीप पलां राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में स्कूल छत जर्जर अवस्था में होने के कारण शनिवार को पूरी स्कूल में पानी भर गया। वहीं अधिकांश कमरों में छत का प्लास्टर भी गिर गया। ऐसे हालात में स्कूल प्रधानाध्यापक ने बच्चों की समय से पहले ही छुट्टी कर दी गई।
अध्यापक मोहन लाल गरासिया ने बताया कि तेज बारिश की वजह से बच्चों को पोषाहार भी खड़े – खड़े खाना पड़ा क्योंकि स्कूल परिसर और कमरों में पानी भर गया था। उन्होंने बताया कि गत वर्ष भी स्कूल की जर्जर हालत को लेकर स्थानीय जन प्रतिनिधियों और प्रशासन को भी लिखित में जानकारी दी गई थी लेकिन अभी तक कोई अधिकारी मौके पर नहीं आए है। अब बच्चों के लिए स्कूल की छत बड़ी आफ़त बनी हुई है डर लगा रहता है कि कभी कोई बड़ी हानि ना हो जाए। स्कूल का नामांकन 220 है।
उन्होंने बताया कि स्कूल में रसोईघर सहित 11 कमरें है जो पूरी तरह से जर्जर हो चुके हैं और अब पूरे विद्यालय में पानी टपकता है। स्कूल रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने के लिए एक प्लास्टिक तिरपाल से ढका गया हैं।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





