उदयपुर – युवाओं के सपनों को पंख देने और सरकारी सेवाओं में नई ऊर्जा का संचार करने वाला नजारा गुरुवार को टाउन हॉल स्थित सुखाड़िया रंगमंच सभागार में देखने को मिला। यहां आयोजित “सहकार एवं 5वें रोजगार उत्सव” के जिला स्तरीय समारोह के दौरान विभिन्न विभागों में नवचयनित 244 अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से जब राजकीय सेवा में नियुक्ति पत्र सौंपे गए तो अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों की खुशी देखते ही बन रही थी।
इस अवसर पर राजधानी जयपुर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित हुए राज्य स्तरीय सहकारिता एवं रोजगार उत्सव समारोह का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन पर किया गया। शहर के टाऊन हॉल स्थित सुखाड़िया रंगमंच सभागार में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी एवं जिला कलेक्टर नमित मेहता ने नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंप उनकी हौसलाफजाई की।
इस दौरान सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के 154, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 59 सहित विभिन्न विभागों के कुल 244 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए। उपस्थित अभ्यर्थियों ने मंच से अपने चयन के अनुभव साझा किए और सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस मौके पर एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़, एडीएम शहर वार सिंह, क्षेत्रीय रोजगार कार्यालय उपनिदेशक मुकेश गुर्जर, सहकारी समितियों के उप रजिस्ट्रार लोकेश जोशी, सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक की प्रबंध निदेशक मेहजबीन बानो, सीएमएचओ डॉ अशोक आदित्य, डिप्टी सीएमएचओ डॉ विक्रम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रणवीर सिंह राणावत ने किया।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





