उदयपुर (Udaipur)- जिले के खेरवाड़ा कस्बे में शुक्रवार को कार और बाइक की आमने-सामने की भिड़ंत में बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार चालक समेत चार युवक घायल हो गए। हादसा गोदावरी मार्ग स्थित संगम कॉम्प्लेक्स के पास हुआ था।
टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार उछलकर करीब 20 फीट दूर जा गिरा। खेरवाड़ा थाने के हेड कांस्टेबल राकेश कुमार ने बताया- बाइक पर 4 युवक सवार थे। बाइक चालक प्रदीप पुत्र ईश्वर सिंह सिसोदिया निवासी पहाड़ा की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार अन्य 3 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। कार चालक राकेश प्रजापत निवासी खेड़ब्रह्मा, गुजरात भी घायल हो गया।
मृतक युवक मजदूर था। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को खेरवाड़ा राजकीय अस्पताल में रखवाया। घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने के कारण घायलों को डूंगरपुर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। मृतक के परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। दुर्घटना को देखते हुए पुलिस ने लोगों से वाहनों में क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाने की अपील की है।
Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।





