जयपुर/प्रदेश में सर्दी का असर कम होने के साथ ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। इसके चलते वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 25 से 33 डिग्री यानी सामान्य से करीब तीन डिग्री अधिक दर्ज हो रहे हैं।
इसका असर बुधवार को भी जयपुर सहित अधिकांश जिलों में दिखाई दिया। हालांकि इन जिलों में सुबह से ही हल्की हवाएं चल रही थी, जिसके चलते तेज धूप से कुछ राहत रही और सर्दी का अहसास हुआ। साथ ही दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट हुई। इस बीच प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 32 डिग्री दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 6.1 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री दर्ज किया गया।
तापमान में होगी गिरावट, सर्दी बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आगामी 48 घंटों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री डिग्री गिरावट हो सकती है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 15 से 17 फरवरी के दौरान आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान 16 फरवरी को राज्य के उत्तरी भागों में कहीं-कहीं हल्की बारिश होगी।

Author: Pavan Meghwal
पवन मेघवाल उदयपुर जिले के है। इन्होंने मैकेनिकल इंजिनियरिंग की पढ़ाई के बाद स्टार्टअप शुरू किए। ये लिखने-पढ़ने के शौकीन है और युवा पत्रकार है। मेवाड़ क्षेत्र में पत्रकारिता कर रहे है।