Breaking News

Home » प्रदेश » बीजेपी की दूसरी लिस्ट में वसुंधरा राजे का दबदबा, दो दर्जन समर्थकों को मिला टिकट

बीजेपी की दूसरी लिस्ट में वसुंधरा राजे का दबदबा, दो दर्जन समर्थकों को मिला टिकट

Jaipur – भाजपा ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची शनिवार को जारी की। इस लिस्ट में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे और नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ समेत 83 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इस लिस्ट में आठ विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने सर्वे को प्राथमिकता दी है।
इससे पहले भाजपा ने 41 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए थे। इस तरह से कुल 200 में से 124 सीटों पर भाजपा अब तक प्रत्याशी घोषित कर चुकी है।

झालारापाटन से चुनाव लड़ेंगी वसुंधरा राजे

शनिवार को जारी हुई सूची में पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को उनकी परंपरागत सीट झालारापाटन से टिकट दिया गया है। प्रतिपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ इस बार चुरू सीट छोड़कर तारानगर से चुनाव लड़ेंगे। वे काफी समय से सीट बदलने की कोशिश में जुटे थे।

 

15 सीटों पर भाजपा ने बदले चेहरे

पार्टी ने आठ वर्तमान विधायकों के टिकट काटने के साथ ही 15 सीटों पर चेहरे बदले हैं। इन 15 सीटों पर पिछला विधानसभा चुनाव लड़ने वाले नेताओं को टिकट नहीं दिया गया है। तीन दिन पहले भाजपा में शामिल होने वाले उदयपुर पूर्व राजपरिवार के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ को नाथद्वारा सीट से विधानसभा अध्यक्ष सी.पी.जोशी के सामने मैदान में उतारा गया है।

वसंधुरा खेमे के दो दर्जन नेताओं को मिला टिकट

शनिवार को जारी हुई सूची में वसुंधरा खेमे के दो दर्जन नेताओं को टिकट मिला है। वहीं, राठौड़ अपने खेमे के चार नेताओं को टिकट दिलवाने में सफल हो गए। पूर्व उप राष्ट्रपति स्व.भैरोंसिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी को चित्तौड़गढ़ से प्रत्याशी बनाया गया है। वे वर्तमान में विधाधर नगर से विधायक हैं, लेकिन इस बार इस सीट से सांसद दीया कुमारी को टिकट दिया गया है।
अब तक घोषित कुल 124 प्रत्याशियों के नाम से साफ है कि भाजपा नेतृत्व ने नेताओं की सिफारिश के स्थान पर सर्वे में सामने आए नेताओं को टिकट दिया है।

इन विधायकों के टिकट काटे

सांगानेर सीट से विधायक अशोक लाहोटी का टिकट काटकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री भजनलाल को प्रत्याशी बनाया गया है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लाहोटी को टिकट देने पर आपत्ति जता रहा था। सुरसागर से 80 साल की विधायक सूर्यकांता व्यास का टिकट काटकर जेठानंद व्यास को प्रत्याशी बनाया गया है। राजवी को टिकट देने के लिए चित्तौड़गढ़ के विधायक चंद्रभान का टिकट काटा गया है।

dailyrajasthan
Author: dailyrajasthan

Facebook
Twitter
WhatsApp
Telegram

Realted News

Latest News

राशिफल

Live Cricket

[democracy id="1"]